
नरकटियागंज: बलोर नदी में नहाने गए 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना नरकटियागंज अंचल क्षेत्र के मनवा परसी पंचायत के बखरी पुल के पास मंगलवार दोपहर की है। हादसे की खबर मिलते ही चमुआ गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान चमुआ गांव के वार्ड संख्या 8 निवासी शंभू मांझी के 11 वर्षीय पुत्र सज्जन कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सज्जन मंगलवार दोपहर दोस्तों के साथ बखरी पुल के समीप बलोर नदी में नहाने गया था।
नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की।
स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सज्जन को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर शिकारपुर पुलिस और अंचल के राजस्व कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
आरओ अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी अखिलेश कुमार को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मृत बच्चे के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया है और इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया है।
इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने घर चले गए। घटना के बाद चमुआ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के बीच भी हादसे को लेकर चर्चा है।
इसे भी पढ़ें :
चलती हमसफर एक्सप्रेस में खिड़की का शटर गिरा, यात्री की उंगली जख्मी, नरकटियागंज में इलाज










