
नरकटियागंज: दिल्ली से कटिहार जा रही 15706 हमसफर एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री के साथ अचानक हादसा हो गया। ट्रेन की खिड़की का शटर अचानक नीचे गिरने से यात्री के हाथ की उंगलियां चोटिल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज रेलवे स्टेशन प्रशासन हरकत में आया और मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायल यात्री का इलाज कराया।
स्टेशन प्रबंधक मोहम्मद कलीम ने बताया कि घायल यात्री की पहचान मोतिहारी निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह दिल्ली से बापूधाम मोतिहारी तक यात्रा कर रहे थे और एस-6 कोच की साइड लोअर बर्थ संख्या 31 पर बैठे थे। इसी दौरान उनका हाथ खिड़की पर था कि अचानक शटर नीचे आ गिरा और उनकी उंगलियां जख्मी हो गईं।
घटना की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से नरकटियागंज स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक मोहम्मद कलीम मेडिकल टीम के साथ संबंधित कोच में पहुंचे। वहीं ट्रेन में ही घायल यात्री की मरहम-पट्टी कर प्राथमिक उपचार किया गया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली।
यात्री के उपचार के दौरान हमसफर एक्सप्रेस करीब 5 से 7 मिनट अतिरिक्त समय तक नरकटियागंज स्टेशन पर रुकी रही। प्राथमिक उपचार के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। घायल यात्री ने समय पर मिली चिकित्सा सहायता के लिए रेलवे प्रशासन और मेडिकल टीम का आभार भी जताया।
इस घटना के बाद ट्रेनों में लगे खिड़की के शटर और अन्य कोच उपकरणों की नियमित जांच को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। यात्रियों का कहना है कि समय-समय पर ऐसे उपकरणों की जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सफर के दौरान इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।










